जालंधर , सितंबर 19 -- पंजाब में जालंधर के गुलाब देवी रोड स्थित गुरु नानक नगर में स्कूली बच्चे के कथित अपहरण की सूचना जांच में झूठी निकली। पुलिस के अनुसार बच्चा सुरक्षित अपने घर पहुंच गया है।
एसीपी मुख्यालय जालंधर कर्नेल सिंह ने शनिवार को बताया कि पुलिस कमिश्नरेट को बच्चे के अपहरण की सूचना मिली थी। थाना डिवीजन नंबर-1 के एसएचओ पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में सामने आया कि बच्चे का अपहरण नहीं हुआ था। वह अपने मामा और उनके दोस्तों के साथ सुरक्षित घर लौटा था। मामा के दोस्तों ने बच्चे को घर छोड़ने के बाद वहां से चले गए।
पुलिस ने जांच के बाद अपहरण की सूचना को गलत बताया और लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों को प्रसारित न करें। किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित