जालंधर , नवंबर 01 -- पंजाब में जालंधर में आगामी नगर कीर्तन से संबंधित पोस्टर फाड़ने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान स्वातम सोनी के रूप में हुई है। मामले में उसके साथ मौके पर मौजूद अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त सेंट्रल राजेश ठाकुर ने रविवार को बताया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे गुरुद्वारा साहिब, सेंट्रल टाउन, जालंधर के महासचिव गुरमीत सिंह बिट्टू को फोन पर सूचना मिली कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आगामी नगर कीर्तन से संबंधित पोस्टर फाड़ दिए हैं। शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन नंबर-4 के प्रभारी उपनिरीक्षक अजमेर लाल ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 के तहत प्राथमिकी संख्या 169 दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सहायता से जांच को आगे बढ़ाया। इसके बाद स्वातम सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है। साथ ही, उसके साथ कथित तौर पर मौके पर मौजूद अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित