जालंधर , जून 27 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस की सीआईए स्टाफ ने असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात डोनी बॉल गैंग के करीबी सदस्य सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और एक कार बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू निवासी गांव कम्मोके (अमृतसर) और मनीष उर्फ जस्सा निवासी गांव मोना कलां (होशियारपुर) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि 12 मार्च 2026 को मेहतपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार की जांच के दौरान विदेशी निर्मित ग्लॉक पिस्तौल बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू पुलिस से बचकर फरार हो गया था और एक मोटरसाइकिल छीनकर भाग निकला था। इस संबंध में मेहतपुर थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किये गये थे। लगातार तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर सीआईए स्टाफ ने 25 जून को नकाबंदी के दौरान नकोदर-मेहतपुर रोड स्थित घुमन पैलेस के पास स्विफ्ट कार में जा रहे सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल, तीन मैगजीन, नौ कारतूस और एक 12 बोर पंप-एक्शन गन बरामद की गयी।

पूछताछ में सामने आया कि सुखजिंदर सिंह वर्ष 2017 में अमृतसर जेल में बंद रहने के दौरान विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बॉल के संपर्क में आया था। बादमें उसने अन्य अपराधियों के साथ मिलकर अलग गिरोह बना लिया और जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से गैंगवार में शामिल रहा। पुलिस के अनुसार बरामद विदेशी ग्लॉक पिस्तौल भी डोनी बॉल ने ही उसे उपलब्ध करवाई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी से पंजाब में संभावित गैंगवार और अन्य आपराधिक घटनाओं को टालने में सफलता मिली है। पुलिस रिमांड के दौरान हथियारों के स्रोत, गिरोह के अन्य सदस्यों तथा उसे शरण देने वालों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

एक अन्य कार्रवाई में सीआईए स्टाफ ने 26 जून को आदमपुर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान मनीष उर्फ जस्सा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्तौल, मैगजीन और दो कारतूस बरामद किये गये। इस संबंध में आदमपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

श्री विर्क ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है तथा अवैध गतिविधियों से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित