जालंधर , मार्च 03 -- पंजाब में जालंधर आयुक्तालय पुलिस ने जालंधर के मोहल्ला संतोखपुरा में एक सरकारी वेटरनरी डॉक्टर के घर के बाहर गोलियां चलाने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस आयुक्त श्रीमती धनप्रीत कौर ने मंगलवार को बताया कि 28 फरवरी को सुबह करीब 1:40 बजे मोहल्ला संतोखपुरा में सरकारी वेटरनरी डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर खड़ी उनकी कार और गेट पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर यशपाल के बयानों के आधार पर इन दोषियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 8 में मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि तफ्तीश के दौरान पुलिस ने दोनों दोषियों को जंडियाला गुरु (अमृतसर) से काबू किया। गिरफ्तार किए गए दोषियों की पहचान जगजीत सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी गांव बडाला जौहल, जंडियाला गुरु, अमृतसर और लवप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी गांव बडाला जौहल, जंडियाला गुरु, अमृतसर के तौर पर हुई है। उनके पास से दो पिस्तौल (एक .30 बोर और एक .32 बोर), छह कारतूस, दो मैगजीन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस दोषियों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि अन्य वारदातों और हथियारों के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित