अमृतसर , मई 19 -- पंजाब में जालंधर के राजा गार्डन इलाके में पावन गुरबाणी के गुटका साहिब की बेअदबी की घटना सामने आने के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।

श्री धामी ने मंगलवार को कहा कि पिछले कुछ समय से पावन गुरबाणी की बेअदबी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में गंभीरता और सख्ती से कार्रवाई न किए जाने के कारण दोषियों के हौसले बढ़ रहे हैं।

अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार अधिनियम में संशोधन कर बेअदबी के आरोपियों को सख्त सजा देने का प्रचार तो कर रही है, लेकिन वास्तविकता में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और इन घटनाओं के पीछे की साजिश का खुलासा करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि गुरबाणी मानवता को जीवन जीने की राह दिखाती है और भाईचारे का संदेश देती है। ऐसे में बेअदबी की घटनाएं न केवल संगतों की धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि पंजाब की सांझी संस्कृति और भाईचारे के लिए भी खतरा हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित