जालंधर , अक्टूबर 08 -- पंजाब में जालंधर पुलिस ने रेडक्रॉस भवन की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में प्रतिबंधित संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (एसएफजे) के दो कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालंधर ग्रामीण के गांव निहालूवाल निवासी सुखप्रीत सिंह और राजदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले से शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम सहित विभिन्न मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनके द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गयी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को रेडक्रॉस भवन की बाहरी दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे पाए गए थे। इसके बाद प्रतिबंधित संगठन के कथित प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामले में जालंधर के डिवीजन नंबर छह थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 147, 152, 196, 61(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66एफ के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने 14-15 सितंबर की रात होशियारपुर के चब्बेवाल के निकट बरियां कलां गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की बात भी कथित तौर पर स्वीकार की। इस मामले में चब्बेवाल थाने में पहले ही प्राथमिकी दर्ज है।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा, ताकि मामले में उनके आगे-पीछे के संपर्कों और अन्य संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित