जालंधर , अप्रैल 23 -- पंजाब में नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान 'युद्ध नशे विरुद्ध' के तहतजालंधर में गुरुवार को पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोहल्ला कोट बाबा दीप सिंहनगर में एक कथित ड्रग तस्कर से जुड़े अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार, एडीसीपी-1 आकर्शी जैन के निर्देश और एसीपी नॉर्थ अशोक मीणा की निगरानी में नगर निगम की टीम ने बिल्डिंग इंस्पेक्टर मुनीश अरोड़ा के नेतृत्व में सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर अवैध निर्माण को गिराया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए थाना डिवीजन नंबर 08 के अतिरिक्त एसएचओ एसआई जगदीश लाल सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जिस संपत्ति को ध्वस्त किया गया, वह कथित तौर पर कुख्यात ड्रग तस्कर दलीप सिंह उर्फ लड्डा की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहतकरीब छह मामले दर्ज हैं।
मीडिया से बातचीत में एडीसीपी-1 आकर्शी जैन ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रग तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति के प्रति "जीरो टॉलरेंस" की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को राज्य में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एक अहम कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित