जालंधर , अक्टूबर 23 -- पंजाब में जालंधर जिला प्रशासन ने औद्योगिक एवं कारोबारी विकास नीति के तहत 13 मामलों में 2.50 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि मंजूर की है। इससे औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय राहत मिलेगी और जिले में निवेश को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

उपायुक्त वरजीत वालिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक में इन मामलों को मंजूरी दी गई। प्रोत्साहन राशि में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की प्रतिपूर्ति, बाहरी विकास शुल्क (ईडीसी) से छूट, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों की ऋण गारंटी योजना (सीजीटीएमएसई) के शुल्क और स्टांप शुल्क की प्रतिपूर्ति तथा माल ढुलाई में सहायता शामिल है। श्री वालिया ने बैठक में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मुद्दों की समीक्षा की और अधिकारियों को विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा कर उद्योगों की समस्याओं का आकलन करने और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जालंधर में कई औद्योगिक इकाइयां विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर निवेश कर चुकी हैं।

श्री वालिया ने कारोबारी समुदाय से जिले में निवेश की संभावनाएं तलाशने की अपील करते हुए कहा कि नए निवेश से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित