जालंधर , अक्टूबर 24 -- पुरुष एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आयोजन को लेकर जालंधर में तैयारियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त वरजीत वालिया और पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने शनिवार को संयुक्त बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आयोजन सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी जिले के लिए गर्व की बात है और इससे जालंधर को वैश्विक खेल मानचित्र पर पहचान मिलेगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
बैठक में यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों, दर्शकों के प्रवेश द्वारों तथा आपातकालीन चिकित्सा दलों की 24 घंटे तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। स्टेडियम और उसके आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित