जालंधर , मई 12 -- पंजाब में जालंधर देहात पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एटीएम तोड़ने की कोशिश मामले में 72 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य कार्रवाई में दो व्यक्तियों को अवैध हथियार सहित पकड़ा गया।
वरिष्ठ पुलिस कप्तान हरविंदर सिंह विर्क ने मंगलवार को बताया कि यह कार्रवाई उनके निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक (तफ्तीश) विनीत अहलावत और उपाधीक्षक नरिंदर सिंह की निगरानी में की गयी। उन्होंने कहा कि पुलिस थाना करतारपुर और पुलिस पोस्ट किशनगढ़ की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंवलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ सोनू और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने किशनगढ़ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी भोगपुर स्थित यूको बैंक एटीएम तोड़ने की कोशिश में भी शामिल थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक सफेद इंडिका कार, लोहे की रॉड और एक दरांती बरामद की है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस थाना मकसूदां की टीम ने लिधड़ा सेंट सोल्जर कॉलेज के पास नाका चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की सफेद हुंडई क्रेटा कार को रोका। कार चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह उर्फ गोपा और गुरबख्श सिंह उर्फ सैंडी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से एक .30 बोर पिस्टल, तीन कारतूस और एक खाली खोल बरामद हुआ। आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सके। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी भोगपुर में हुई हालिया फायरिंग घटना में भी शामिल थे। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक मामलों से संबंधों की जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए विशेष अभियान, नाका चेकिंग और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध हथियार रखने और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित