जालंधर , मई 26 -- पंजाब में जालंधर के गुरु अर्जन देव नगर (बस्ती मिठू) स्थित एक एचपी पेट्रोल पंप पर मंगलवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया लेकिन राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि इसी पेट्रोल पंप पर आग लगने की यह तीसरी घटना है, जिसके कारण इलाके के निवासी लगातार भय के माहौल में जी रहे हैं। घनी आबादी के बीच स्थित पेट्रोल पंप को लेकर लोगों ने इसे यहां से हटाने की मांग तेज कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी लक्की ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी यहां एक हादसे के दौरान मोटरसाइकिल आग की चपेट में आ चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पंप प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार हादसे होने के बावजूद पेट्रोल पंप मालिक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में असफल रहा है। उन्होंने कहा कि घनी आबादी के बीच स्थित इस पेट्रोल पंप से हर समय बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल शुरू करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपेगा और पेट्रोल पंप को बंद करने की मांग करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित