जालंधर , मई 29 -- पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच .32 बोर पिस्तौल, नौ मैगजीन और 22 कारतूस बरामद किये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजोत सिंह निवासी गांव धेसियां जिला गुरदासपुर, संदीप सिंह निवासी गांव जगोवाल जिला गुरदासपुर और अमनदीप सिंह उर्फ अमन निवासी गांव भैणी पसवाल जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी में सक्रिय था। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और इसके आगे-पीछे के लिंक खंगालने के लिए जांच जारी है।

पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जालंधर बस स्टैंड के पास से संदिग्ध मनजोत सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्तौल बरामद हुई। पूछताछ के दौरान मनजोत ने अपने दो साथियों संदीप और अमनदीप के नाम बताये। इसके बाद पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गांव भैणी पसवाल, जिला गुरदासपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी अमनदीप की निशानदेही पर पुलिस ने गांव भैणी पसवाल के पास धुसी बांध क्षेत्र में छिपाकर रखी गयी चार और .32 बोर पिस्तौल, आठ मैगजीन और 18 जिंदा कारतूस बरामद किये। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।

इस संबंध में जालंधर कमिश्नरेट के थाना डिवीजन-6 में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित