जालंधर, 29 मई ( वार्ता) पंजाब में जालंधर पुलिस ने एक अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच पिस्तौल (.32 बोर), नौ मैगजीन और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल पंजाब में अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल था। पुलिस के अनुसार, जालंधर बस स्टैंड के पास की गई शुरुआती गिरफ्तारी के बाद मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीमों ने आगे कार्रवाई करते हुए गुरदासपुर जिले के गांव भैणी पसवाल के पास छिपाकर रखे गए चार और पिस्तौल, आठ मैगजीन तथा 18 जिंदा कारतूस बरामद किए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और मॉड्यूल के आगे-पीछे के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है, ताकि पूरे अवैध हथियार तस्करी गिरोह को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। उन्होंने दोहराया कि राज्य में अवैध हथियार तस्करी, संगठित अपराध और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित