जालंधर , जून 29 -- पंजाब में जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि दूसरी कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
मृतकों में एक सैनिक, उसकी पत्नी, दो वर्षीय पुत्र और एक अन्य महिला शामिल हैं।
यह हादसा सुबह करीब 5:40 बजे किशनगढ़ के पास जौहल ढाबे के नजदीक हुआ। जानकारी के अनुसार, होशियारपुर निवासी परिवार मारुति बलेनो में सवार होकर श्री हजूर साहिब के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गयी और सामने से आ रही क्रेटा से सीधी भिड़ंत हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार के परखच्चे उड़ गये और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी।
मृतकों की पहचान रुपिंदर सिंह (निवासी हिम्मतपुर, जिला होशियारपुर), उनकी पत्नी हरप्रीत कौर, दो वर्षीय पुत्र अर्शदीप सिंह तथा संतोष कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रुपिंदर सिंह सेना में तैनात थे। क्रेटा कार में सवार अब्दुल सईद खान, परवीन खान, अलीना खान, अब्दुल फैजल खान और मैनाल खान, सभी निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश), गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों और सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) की मदद से घायलों को तत्काल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद चौकी अलावलपुर के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर रविंदर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने भी मौके का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित