जालंधर , सितंबर 26 -- पंजाब में जालंधर पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो के संबंध में स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि इसमें कुछ युवक दशहरा ग्राउंड में कथित तौर पर नशीले पदार्थों का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं वह करीब तीन दिन पुराना वीडियो है।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पश्चिम आतिश भाटिया ने शनिवार को बताया कि थाना डिवीजन नंबर पांच के क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि 25 युवाओं को उपचार और पुनर्वास के लिए ओओएटी क्लीनिक/नशामुक्ति केंद्रों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि दशहरा ग्राउंड में खाली पड़े ढांचों और कमरों को स्थानीय नेताओं तथा लोगों के सहयोग से बंद कराया गया है, ताकि उनका इस्तेमाल नशे से जुड़ी गतिविधियों के लिए न हो सके। पुलिस के अनुसार, हाल में इसी क्षेत्र से 5,000 नशीली गोलियां भी बरामद की गई थीं।

एसीपी ने कहा कि आयुक्तालय पुलिस क्षेत्र में नशे से जुड़ी गतिविधियों की रोकथाम के लिए घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (कासो) तथा नियमित गश्त कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे का सेवन, बिक्री या आपूर्ति संबंधी कोई गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित