जालंधर , अक्टूबर 02 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला अपराध समीक्षा बैठक हुई, जिसमें कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की गयी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (जांच) विनीत अहलावत, पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) तेजबीर सिंह, पुलिस अधीक्षक (पीबीआई/ऑपरेशनल) गुरप्रीत सिंह गिल सहित सभी पुलिस उप अधीक्षक, थाना प्रभारी और पुलिस चौकी प्रभारी शामिल हुए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को नशीले पदार्थों की तस्करी, गैंगस्टर नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिये। उन्होंने नियमित विशेष नाकाबंदी, रात में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और आधुनिक निगरानी प्रणालियों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया। घोषित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तथा जमानत पर रिहा आरोपियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया। उन्होंने गांवों में ग्राम रक्षा समितियों (वीडीसी) की नियमित बैठकें आयोजित कर पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिये। साथ ही प्राथमिकी दर्ज करने, जांच पूरी करने और आपराधिक मामलों के समयबद्ध निपटारे पर जोर दिया। सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, उल्लंघन करने वालों के चालान काटने और आवश्यकतानुसार वाहन जब्त करने के निर्देश दिये गये। दोपहिया वाहनों की विशेष जांच तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को पुलिस कर्मियों की शिकायतों के समयबद्ध निपटारे और 'पब्लिक सेफ्टी फर्स्ट' पहल के तहत सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत करने के निर्देश दिये। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिसिंग की व्यक्तिगत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित