जालंधर , जुलाई 07 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव मानको में हुए ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को वारदात के दो दिन बाद गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर एसपी (जांच) विनीत अहलावत और डीएसपी आदमपुर राजीव कुमार की निगरानी में थाना आदमपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर पंकज कुमार की टीम ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार चार जुलाई को गांव मानको के खेतों से एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। शिकायतकर्ता दिलबाग सिंह के बयान पर थाना आदमपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत एफआईआर संख्या 144 दर्ज कर जांच शुरू की गयी।
जांच के दौरान मृतक की पहचान जगजीत सिंह उर्फ जग्गी मान निवासी सिरहिंद (फतेहगढ़ साहिब), जो वर्तमान में लुधियाना जिले के गांव कद्दो में रह रहा था, के रूप में हुई। पुलिस जांच में नाभप्रीत सिंह उर्फ नाभप्रीत सिंह निवासी गांव शाहपुर, तहसील अमलोह, जिला फतेहगढ़ साहिब की संलिप्तता सामने आने पर उसे छह जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि हत्या के पीछे के कारणों और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के दौरान अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित