जालंधर , मई 09 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाये रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रात के समय चेकिंग और गश्त अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान की अगुवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने स्वयं विभिन्न नाकों का रातमें दौरा किया और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त सतर्कता बरतने, गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

श्री विर्क ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीमों को जिले के कई स्थानों पर तैनात किया गया है, जहां संदिग्ध व्यक्तियों, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की जा रही है। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों, सुनसान इलाकों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई गयी है।

अधिकारियों ने बताया कि समर्पित टीमें रात के समय होने वाली गतिविधियों और संदिग्ध हलचलों पर कड़ी नजर रख रही हैं, ताकि असामाजिक तत्वों और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट रहने और किसी भी संदिग्ध सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं।

जिला पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल टीमें भी 24 घंटे सक्रिय हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा सके। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सहायता या संदिग्ध गतिविधि की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनता के सहयोग से जिले में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल बनाये रखने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित