सीचेवाल (जालंधर) , मई 28 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को जालंधर के गांव सीचेवाल में 38वें सालाना बरसी समागम के दौरान संत बाबा अवतार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल के साथ संत अवतार सिंह मेमोरियल हॉकी स्टेडियम में नये एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार खेल ढांचे, सिंचाई, भूजल संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों के खेतों तक 21 हजार क्यूसेक पानी पहुंचाया है, जो दो भाखड़ा नहरों के बराबर है। उन्होंने कहा कि सरकार के लगातार प्रयासों से 21 लाख घन मीटर भूजल रिचार्ज हुआ है और कई क्षेत्रों में जल स्तर दो से चार मीटर तक बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में विश्व स्तरीय सरकारी स्कूल, अस्पताल, सड़कें और खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं तथा अब "रंगला पंजाब" के रंग दिखाई देने लगे हैं।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब गुरुओं, संतों और पीरों की धरती है, जहां प्रेम, भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा रही है। उन्होंने लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि कुछ ताकतें धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन पंजाब के लोग ऐसी राजनीति को कभी सफल नहीं होने देंगे।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि गुरु साहिबानों ने प्रकृति को सर्वोच्च स्थान दिया है और अब समय आ गया है कि लोग पर्यावरण बचाने के लिए आगे आयें। उन्होंने कहा कि संत बलबीर सिंह सीचेवाल का 'सीचेवाल मॉडल' पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने बताया कि कभी रेत के टीलों वाला यह इलाका आज हरियाली से भर चुका है, जहां हजारों पेड़-पौधे लगाये गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत सीचेवाल समाज, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

बेअदबी की घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने संत समाज, कानूनी विशेषज्ञों और पूर्व न्यायाधीशों से चर्चा के बाद सख्त एंटी-बेअदबी कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत दोषियों को 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्कूल ऑफ एमिनेंस खोले गये हैं, शिक्षकों को विदेशों में प्रशिक्षण के लिए भेजा जा रहा है और करीब 1,000 आम आदमी क्लीनिक लोगों को मुफ्त इलाज और दवाइयां उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने 'मावां धियां सत्कार योजना' शुरू की है, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के तहत 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किये जा रहे हैं, जिनसे 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों में खेल मैदान, सड़कें और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैदान विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के विकास और लोगों की खुशहाली के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित