जालंधर , मई 09 -- पंजाब के जालंधर के जिला उपायुक्त वरजीत वालिया ने शनिवार को बताया कि बीते शाम तक जिले की मंडियों में पहुंची 4,89,428 टन गेहूं में से विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा 4,89,404 टन फसल की खरीद की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि खरीदी गई फसल का भुगतान निर्धारित समय के भीतर किया जा रहा है और अब तक किसानों को कुल 1241 करोड़ रुपये की अदायगी सुनिश्चित की जा चुकी है।

श्री वालिया ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, जिसके कारण खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी हो रही है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गेहूं की लिफ्टिंग प्रक्रिया में और तेजी लाने के निर्देश दिये, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान श्री वालिया ने किसानों से फसल कटाई के बाद गेहूं की नाड़ को आग न लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है, मिट्टी की उर्वरता घटती है और धुएं के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि फसल अवशेष प्रबंधन के लिए सरकार द्वारा सब्सिडी पर उपलब्ध करवाई जा रही कृषि मशीनरी का अधिक से अधिक उपयोग करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित