जालंधर , जून 28 -- पंजाब में जालंधर जिले के उपायुक्त वरजीत वालिया ने रविवार को अपने ढाई माह के बेटे को स्वास्थ्य विभाग की टीम से पोलियो की खुराक पिलवाकर तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की।

उपायुक्त वालिया ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।

सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग के साथ अभियान की जानकारी देते हुए उपायुक्त वालिया ने बताया कि जिले में पांच वर्ष से कम आयु के 1,96,657 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए 2,203 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें 2,107 घर-घर जाकर कार्य करने वाली टीमें, 66 मोबाइल टीमें और 30 ट्रांजिट टीमें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ये टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के 5,41,258 घरों तक पहुंचेंगी। साथ ही झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट-भट्ठों, औद्योगिक क्षेत्रों, अस्थायी बस्तियों और अन्य संवेदनशील इलाकों सहित 715 हाई-रिस्क स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

श्री वालिया ने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 267 सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो बच्चे पहले दिन पोलियो बूथों पर नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें अगले दो दिनों के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित