गॉल , अगस्त 19 -- गॉल टेस्ट के पांचवें दिन बुधवार को यशस्वी जायसवाल और निरोशन डिकवेला के बीच एक दोस्ताना ज़ुबानी संघर्ष देखने को मिला, जिसके तुरंत बाद डिकवेला अपना विकेट गंवा बैठे। जायसवाल ने डिकवेला को हुक शॉट के लिए उकसाने की कोशिश की, जिसके तुरंत बाद अगली ही गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें आउट किया। हालांकि यह एक दोस्ताना अंदाज़ की बातचीत थी, लेकिन डिकवेला फिर भी अपना धैर्य खो बैठे।
श्रीलंकाई पारी के 60वें ओवर में जब प्रसिद्ध दिन का अपना पहला ओवर लेकर आए तो उन्होंने बाउंसर्स के साथ डिकवेला का स्वागत किया। हालांकि लगातार पांच बाउंसर गेंदों को डिकवेला ने बहुत संयम से खेला और उसे आराम से छोड़ते नज़र आए। छठी गेंद से ठीक पहले जायसवाल स्क्वेयर लेग की फ़ील्डिंग पोज़ीशन से चलते हुए बल्लेबाज़ के बहुत पास आए और उनसे कुछ बातें कीं। अगली गेंद फिर से एक शॉर्ट गेंद थी। लेग स्टंप की लाइन की इस शॉर्ट गेंद को डिकवेला जगह बनाकर कट करने गए, लेकिन बस अपने बल्ले का बाहरी किनारा दे पाए और भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे कोई ग़लती नहीं की।
जब श्रीलंकाई विकेटकीपर का विकेट गिरा, तो भारतीय सलामी बल्लेबाज़ ने अन्य फ़ील्डरों के साथ ख़ास अंदाज़ में इसका जश्न मनाया। हालांकि विकेट लेने में जायसवाल की कोई सीधी भूमिका नहीं थी, लेकिन रवींद्र जडेजा, मानव सुथार और ऋषभ पंत समेत कई खिलाड़ियों ने हडल में जायसवाल को उनकी इस गुप्त भूमिका के लिए बधाई दी।
डिकवेला 17 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। उस समय श्रीलंका को पांचवें दिन ड्रॉ बचाने के लिए दो सत्रों से ज़्यादा समय तक बल्लेबाज़ी करनी थी। लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए और लंच के ठीक बाद ही सुथार के पंजे की मदद से पूरी टीम ऑलआउट हो गई।
जायसवाल और डिकवेला के बीच हुई यह बातचीत हालांकि मज़ाकिया अंदाज में थी। वह डिकवेला को शॉर्ट गेंदों पर हुक शॉट खेलने के लिए उकसा रहे थे। जायसवाल डिकवेला के पास गए और उनसे कहा कि पहली पारी में 80 रन बनाने के वावज़ूद उन्होंने कम आक्रामक शॉट खेले।
जायसवाल ने कहा, "पहली पारी में ज़्यादा शॉट नहीं थे। मुझे आपके कुछ शॉट देखने हैं।" डिकवेला ने पहले सिर्फ "ओके" कहकर जवाब दिया। इसके बाद जायसवाल ने गॉल म्युनिसिपैलिटी स्टैंड की तरफ इशारा करते हुए कहा, "गेंद को वहां मारो, मुझे कुछ देखना है।""नहीं, मैं जायसवाल नहीं हूं," डिकवेला ने जवाब दिया। उनका इशारा था कि हुक शॉट आमतौर पर उनके खेल का हिस्सा नहीं है। लेकिन इसके बाद डिकवेला ने बातचीत जारी रखते हुए मज़ाक में कहा कि अगर जायसवाल उन्हें "IPL में लेकर जाएंगे" तो वह ऐसा करेंगे। इस पर जायसवाल ने कहा, "मैं आपको 100 प्रतिशत ले जाऊंगा।"इसके बाद डिकवेला ने प्रसिद्ध की अगली गेंद को डीप प्वाइंट की ओर कट कर दो रन लिए और बातचीत आगे जारी रही। जायसवाल ने कहा, "अगर आप गेंद को वहां (स्टैंड में) मारते हो, तो मैं निश्चित रूप से सांगा को बताऊंगा।" कुमार संगकारा राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच और क्रिकेट निदेशक हैं। जायसवाल आईपीएल में इसी टीम के लिए खेलते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि डिकवेला और संगकारा का आपस में पुराना रिश्ता है। संगकारा ने अपने करियर के आख़िरी दौर में डिकवेला के साथ श्रीलंका की टेस्ट टीम में खेला था। दोनों एक ही स्कूल, ट्रिनिटी कॉलेज, कैंडी से पढ़े हैं।
डिकवेला ने ओवर की आख़िरी गेंद को कट करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके शरीर के काफ़ी क़रीब थी। लेग साइड की ओर शफ़ल करते हुए उन्होंने गेंद पर अपने बल्ले का किनारा लगाया, जिसे ऋषभ पंत ने आसानी से कैच कर लिया। दरअसल, डिकवेला वही शॉट दोहराने की कोशिश कर रहे थे, जिससे उन्होंने पिछली गेंद पर दो रन लिए थे।
हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया से ऐसा लगा कि उन्हें लगा कि जायसवाल की बातचीत ने डिकवेला को ग़लती करने के लिए मज़बूर करने में मदद की। इस विकेट के बाद श्रीलंका का निचला बल्लेबाज़ी क्रम कोलैप्स कर गया और भारत को बड़ी जीत हासिल हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित