पटना , मार्च 12 -- बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने राज्य के लिए प्रगतिशील और निर्यातकों के अनुकूल निर्यात प्रोत्साहन नीति पर जोर देते हुए गुरुवार को विदेशी व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी ) से प्रदेश में एक कार्यालय खोलने पर विचार करने का आग्रह किया है।

श्री जायसवाल ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की तरफ से बिहार के उद्योग विभाग और फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स (एफआईईओ) के सहयोग से आयोजित मेगा एक्सपोर्ट प्रमोशन प्रोग्राम और एक्सपोर्टर्स कॉन्क्लेव को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि निर्यातक बिहार के निर्यात तंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस कार्यक्रम का मुख्य फोकस मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन (ईपीएम्) पर था।

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने बिहार की निर्यात क्षमता और राज्य सरकार की पहल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य में मजबूत निर्यात तंत्र विकसित करने के लिए हर जिले में एक्सपोर्ट हब बनाने की परिकल्पना की जा रही है, जिससे राज्य के निर्यात और सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में योगदान बढ़ेगा।

श्री कुमार ने निर्यातकों से बिहार एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन बनाने का भी आग्रह किया, जिसके माध्यम से समन्वय, प्रतिनिधित्व और राज्य के निर्यात समुदाय के सामूहिक विकास को मजबूत किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान बिहार के 28 स्टेटस होल्डर निर्यातकों को राज्य के निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित