मॉस्को , जुलाई 16 -- रूस के नियंत्रण वाले जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के मुख्य अभियंता अलेक्जेंडर याकोवलेव और उनके चालक की एक यूक्रेनी ड्रोन हमले में मौत हो गयी। रूस की सरकारी परमाणु ऊर्जा कंपनी रोसाटॉम के महानिदेशक अलेक्सी लिखाचेव ने इस घटना की जानकारी दी।
श्री लिखाचेव ने कहा कि याकोवलेव ने अपना पूरा जीवन परमाणु ऊर्जा क्षेत्र को समर्पित किया और 'कर्तव्य निभाते हुए उन्होंने अपने प्राण गंवायें।' उन्होंने बताया कि इस हमले की जानकारी रूस के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व को दे दी गयी है।
श्री लिखाचेव ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) से इस घटना पर शीघ्र, स्पष्ट और ठोस प्रतिक्रिया देने की मांग की। इस बीच, रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि रूस आईएईए और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों से जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के मुख्य अभियंता की हत्या की स्पष्ट शब्दों में निंदा करने की मांग करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित