टोक्यो , जुलाई 28 -- जापान के दक्षिण-पश्चिमी क्यूशू क्षेत्र के कुमामोटो प्रांत में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया।
जापान के भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर इसकी तीव्रता अधिकतम स्तर शिंदो-7 दर्ज की गयी। इसके बाद मौसम एजेंसी ने अरियाके और यात्सुशिरो सागर के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की है।
जापान मौसम एजेंसी के अनुसार, भूकंप के तुरंत बाद सुनामी की पहली लहर इन समुद्री क्षेत्रों में पहुंचने की आशंका जतायी गयी है और आगे भी अन्य लहरों के आने की आशंका है। यात्सुशिरो, उटो, माशिकी, मिसातो और कुमामोटो शहर के मिनामी वार्ड में शिंदो पैमाने पर तीव्रता-6 (स्ट्रॉन्ग) के झटके महसूस किये गये, जबकि कुमामोटो के अन्य हिस्सों तथा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा और मियाजाकी प्रांतों में भी तीव्र झटके दर्ज किये गये।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, भूकंप का केंद्र कुमामोटो शहर के दक्षिण में स्थित उकी शहर के निकट 10 किलोमीटर की गहरायी में था। क्यूशू इलेक्ट्रिक के अनुसार, भूकंप के बाद कुमामोटो प्रांत में लगभग 45,600 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित