मुंबई , जनवरी 14 -- रिजर्व बैंक ने जापान के सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉर्पोरेशन (एसएमबीसी) को भारत में अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई खोलने की सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है।

केंद्रीय बैंक ने बुधवार को बताया कि विदेशी बैंकों द्वारा पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई खोलने संबंधी 2025 के दिशा-निर्देश के तहत यह मंजूरी प्रदान की गयी है।

एसएमबीसी की फिलहाल भारत में चार शाखाएं हैं जो दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु में स्थित हैं। सैद्धांतिक मंजूरी मौजूदा शाखाओं को पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई में बदलने के लिए दी गयी है।

जब रिजर्व बैंक इस बात से संतुष्ट हो जायेगा कि जापानी बैंक ने सैद्धांतिक मंजूरी में वर्णित सभी पूर्व शर्तों को पूरा कर लिया है, तभी उसे बैंकिंग के लिए लाइसेंस जारी किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित