टोक्यो , मार्च 11 -- जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की सरकार की सैन्य विस्तार की नीतियों के विरोध में मंगलवार रात टोक्यो में हजारों लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

इन हजारों प्रदर्शनकारियों ने नेशनल डाइट (जापान की संसद) के बाहर जमा होकर मिसाइलों की तैनाती और घातक हथियारों के निर्यात में ढील देने के सरकारी फैसलों की कड़ी निंदा की। कड़ाके की ठंड के बावजूद, प्रदर्शनकारियों ने "युद्ध को ना" और "संविधान कुचलना बंद करो" जैसे नारों वाली तख्तियां थाम रखी थीं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सामूहिक रूप से जापानी संविधान के अनुच्छेद नौ को पढ़कर सुनाया, जो देश के शांतिवादी सिद्धांतों और युद्ध के त्याग की पुष्टि करता है। आयोजकों के अनुसार, रैली में लगभग 8,000 लोग व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए, जबकि 1,000 से अधिक लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

जापानी कम्युनिस्ट पार्टी के नीति प्रमुख ताकु यामाज़ोए ने कहा कि जापान, अमेरिका की वर्चस्ववादी नीतियों के साथ मिलकर सैन्य विस्तार को बढ़ावा दे रहा है, जो क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लक्ष्य के विपरीत है। प्रदर्शनकारियों ने कुमामोटो प्रान्त में लंबी दूरी के मिसाइल लॉन्चरों की तैनाती पर गंभीर चिंता जताई। युवा प्रदर्शनकारी अया यासुई ने इसे "बेहद खतरनाक स्थिति" करार दिया।

गौरतलब है कि ताकाइची सरकार ने हाल ही में 'रक्षा उपकरण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के तीन सिद्धांतों' के परिचालन दिशानिर्देशों में संशोधन कर हथियारों के निर्यात पर प्रतिबंधों को कम कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित