हरिद्वार, जून 21 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में थाना सिडकुल पुलिस ने जान से मारने की नीयत से किए गए हमले के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गत 10 जून को सचिन पुत्र सुबीर निवासी तलाई तल्ली, जिला पौड़ी गढ़वाल (वर्तमान निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर, थाना सिडकुल) की शिकायत पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विशाल समेत 9-10 लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और मित्र पर जानलेवा हमला किया था।
घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक पुत्र संजय (19) निवासी मोहल्ला जाटान, कोतवाली बिजनौर, उत्तर प्रदेश तथा वर्तमान निवासी सिद्धार्थ एंक्लेव, हेतमपुर, सिडकुल के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित