नयी दिल्ली , जुलाई 25 -- केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने भारत सरकार से पूज्य संत संत गजानन महाराज के 150वें प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में 150 रुपये का स्मारक सिक्का और एक स्मारक डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया है।

आयुष मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में श्री जाधव लेने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का अनुरोध किया है।

श्री जाधव ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि संत गजानन महाराज फरवरी 1878 में महाराष्ट्र के शेगांव में प्रकट हुए थे और वे भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रमुख संतों में गिने जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज शेगांव देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। संत गजानन महाराज का जीवन भक्ति, करुणा, निस्वार्थ सेवा और मानव कल्याण के आदर्शों से प्रेरित रहा है, जिनका विस्तृत वर्णन धार्मिक ग्रंथ श्री गजानन विजय में मिलता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्री गजानन महाराज संस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, सामाजिक कल्याण और मानव सेवा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है, जिससे शेगांव की पहचान आध्यात्मिक और सेवा केंद्र के रूप में और मजबूत हुई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 25 फरवरी 2026 को आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय आरोग्य मेले के उद्घाटन के लिए राष्ट्रपति की शेगांव यात्रा ने इस स्थान के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया।

श्री जाधव ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेकर संत गजानन महाराज की अमूल्य आध्यात्मिक विरासत को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित