भदोही , मार्च 16 -- पूर्वी उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की चौरी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर जाति विशेष के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी वायरल करने के आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के परसीपुर (माधोरामपुर) गांव निवासी आरोपी सुनील सोनकर पुत्र नन्हे सोनकर ने सोशल मीडिया पर राजपूत समाज की कुल देवी मां करणी के बारे में अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए कथित वीडियो पोस्ट किया था, जिससे समाज में असामंजस्य फैलाने का प्रयास किया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद समाज में वैमनस्य फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। चौरी थाने में उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित