कौशांबी , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सराय अकिल थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति के संबंध में जातिसूचक एवं अभद्र टिप्पणी कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नगर पंचायत सराय अकिल के बुद्धपुरी मोहल्ला निवासी विक्रांत तिवारी ने अनुसूचित जाति के एक वर्ग को लेकर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज करते हुए वीडियो बनाया था, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद बहुजन समाज पार्टी, भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी और संत रविदास ट्रस्ट समेत कई सामाजिक संगठनों में आक्रोश फैल गया।
संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को आपत्तिजनक वीडियो के विरोध में प्रदर्शन किया और सराय अकिल कस्बे में पैदल मार्च निकाला। इसके बाद प्रदर्शनकारी सराय अकिल थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी विक्रांत तिवारी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित