अमृतसर , अक्टूबर 16 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ विधायकों और नेताओं ने शुक्रवार को श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में पेश होकर माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि 12 अक्टूबर को पायल सीट से आप के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा के जातिगत भेदभाव संबंधी बयान के बाद उन्होंने मीडिया के सामने स्थिति स्पष्ट नहीं की थी। श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश पर सचिवालय पहुंचे विधायकों ने कहा कि उनके साथ जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं हुआ और विधायक ग्यासपुरा की ओर से की गई टिप्पणियां गलत थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ग्यासपुरा के बयान से सहमत नहीं हैं और यह उनकी निजी राय है।

सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विधायकों ने गुरु साहिब के समक्ष क्षमा याचना करते हुए कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब में आने से किसी को भी जाति, नस्ल या रंग के आधार पर कभी नहीं रोका गया। बयान के मुताबिक, 12 अक्टूबर को ग्यासपुरा ने श्री दरबार साहिब परिसर में श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय के बाहर मीडिया से बातचीत में जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए थे और सिख संस्थाओं के प्रति अपमानजनक शब्दावली का इस्तेमाल किया था। इसके बाद अकाल तख्त साहिब के आदेश पर आप विधायकों और नेताओं को सचिवालय में पेश होना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित