रायपुर , अगस्त 26 -- जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संतोष पांडे ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी जाति को लेकर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ में आदिवासी कांग्रेस की बैठक और भाजपा की मैराथन बैठकों पर भी प्रतिक्रिया दी।

श्री पांडे ने जातिगत जनगणना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी द्वारा पत्र लिखे जाने पर सवाल उठाते हुए कहा, "पहले राहुल गांधी बताएं कि वे किस जाति से हैं? क्या राहुल गांधी पारसी हैं? देश को बताना चाहिए आखिर राहुल और प्रियंका किस जाति के हैं?"उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर जातिगत जनगणना की प्रक्रिया को लेकर अपनी बात रखी है। कांग्रेस ने जातियों की सही गणना सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित