भिवानी , सितंबर 20 -- हरियाणा की अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दीपक राठी ने मांग की है कि हरियाणा में 23 सितंबर की बजाय 9 जनवरी को शहीदी दिवस मनाया जाए और इस दिन राजकीय अवकाश घोषित किया जाए।
भिवानी में पत्रकारों से बातचीत में राठी ने कहा कि 9 जनवरी को राजा नाहर सिंह और चौधरी छोटू राम से जुड़ी महत्वपूर्ण स्मृतियां हैं। उन्होंने कहा कि राजा नाहर सिंह को 9 जनवरी 1858 को दिल्ली के चांदनी चौक में फांसी दी गई थी। उनके साथ 1857 के संग्राम में बलिदान देने वाले गुलाब सिंह सैनी, भूरा सिंह वाल्मीकि और खुशहाल सिंह गुर्जर सहित अन्य शहीदों को भी उचित सम्मान मिलना चाहिए।
श्री राठी ने कहा कि 1857 के विद्रोह में विभिन्न समुदायों के लोगों ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था। उन्होंने सरकार से इन सभी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सामने लाने और उनके स्मारक स्थापित करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित