टिहरी , मई 02 -- उत्तराखंड में टिहरी गढवाल जिले के घनसाली क्षेत्र अंतर्गत जाखधार-पौखाल राष्ट्रीय राजमार्ग -70ए पर शनिवार सीमेंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

शनिवार को घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गयी और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात सुचारू कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के लिए आवश्यक संसाधनों को मौके पर बुलाया गया है।

यातायात प्रभावित होने के कारण पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। चंबा/टिहरी से मलेथा की ओर जाने वाले वाहनों को टिपरी से वाया हिंडोलाखाल होते हुए देवप्रयाग की ओर भेजा जा रहा है, जबकि मलेथा से चंबा/टिहरी की ओर आने वाले वाहनों को भी देवप्रयाग की ओर डायवर्ट किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वह यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों के अनुसार मार्ग को शीघ्र ही सुचारू करने के प्रयास जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित