टिहरी , सितंबर 02 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल में जिला ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत संचालित सामुदायिक उद्यमों को मजबूत बनाने की दिशा में परियोजना निदेशक एवं आईएएस (प्रशिक्षु) ज्योति ने बुधवार को जाखणीधार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और सहकारिताओं के माध्यम से संचालित विभिन्न उद्यमों की प्रगति, संचालन, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं सीएलएफ पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान देवभूमि सीएलएफ जाखणीधार की फूड कार्ट, उन्नति सीएलएफ रजाखेत की वे-साइड ईटरी, पोल्ट्री फार्म यूनिट तथा संगम सीएलएफ की प्रोसेसिंग यूनिट और फूड कार्ट का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा गोट्री यूनिट के लिए चयनित भूमि का भी जायजा लिया गया। परियोजना निदेशक ने कलेक्शन सेंटर के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्शन सेंटर का निर्माण 25 सितंबर तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई है, जबकि उन्नति सीएलएफ के कलेक्शन सेंटर का कार्य शीघ्र शुरू कराने को कहा गया।

क्षेत्रपाल सीएलएफ मंदार के एग्री इनपुट सेंटर और मशरूम यूनिट के निरीक्षण के दौरान बरसात के मौसम में फूड कार्ट का संचालन सुचारू रखने के लिए टेंट की व्यवस्था तथा उत्पादों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित करने के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। प्रोसेसिंग यूनिट में कार्यरत सदस्यों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित