चंडीगढ़ , सितंबर 29 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित राज्य सरकार के मंत्रियों के सरकारी आवासों और सेक्टर-39 सर्किट हाउस का दौरा किया तथा आरोप लगाया कि दिल्ली से जुड़े आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और उनके सहयोगी अधिकृत लोगों के स्थान पर इन सरकारी संपत्तियों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
श्री जाखड़ ने दावा किया कि कुछ मंत्रियों को उनके सरकारी आवासों से हटा दिया गया है और कथित रूप से शर्मिंदगी के कारण वहां से उनके नाम की पट्टिकाएं भी हटा दी गयी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सरकारी आवासों से दिल्ली के कथित रूप से अनधिकृत लोगों को हटाने की मांग की। उन्होंने कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के विभाग की कथित फाइलें आवास संख्या 926 में आप नेता सत्येंद्र जैन तक पहुंचने पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दिल्ली से नियंत्रण की नीति का हिस्सा है और मुंडियां के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कभी मुख्यमंत्री रहते सरकारी आवास स्वीकार नहीं करने की बात कही थी, लेकिन अब उनके सहयोगियों पर पंजाब के मंत्रियों के लिए निर्धारित सरकारी आवासों पर कब्जा करने के आरोप लग रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने 29 सितंबर के लिए दो दिन पहले सेक्टर-39 सर्किट हाउस में कमरा बुक कराया था, लेकिन पंजाब पुलिस उन्हें अंदर नहीं जाने दे रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्किट हाउस के कमरे भी आप से जुड़े लोगों के कथित स्थायी कब्जे में हैं, जिससे पंजाब से चंडीगढ़ आने वाले अधिकारियों, नेताओं और पत्रकारों को परेशानी हो रही है।
श्री जाखड़ ने कहा कि यदि सरकार ने कथित अनधिकृत कब्जे नहीं हटाये तो उनका विरोध तेज होगा। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) और चितकारा विश्वविद्यालय में हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए जाखड़ ने एलपीयू में प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के छात्राओं के छात्रावास तक पहुंचने के आरोपों को गंभीर बताया। उन्होंने सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने दोनों विश्वविद्यालयों में अफवाहों के बाद हुई घटनाओं की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जांच कराने की अपनी मांग दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित