जांजगीर-चांपा , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में विश्व शांति और मानव कल्याण की भावना को लेकर 21 अप्रैल को एक भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। हाई स्कूल मैदान में 501 पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम का आयोजन श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि पवित्र मिट्टी से 501 शिवलिंग तैयार कर विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन, जलाभिषेक एवं श्रृंगार किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में 501 सनातनी परिवार शामिल होंगे। प्रत्येक परिवार को पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा महाप्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का जातिगत या सामाजिक भेदभाव नहीं रखा जाएगा और सभी श्रद्धालु समान रूप से सहभागी बन सकेंगे।
आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, रुद्राक्ष वितरण तथा ड्रोन के माध्यम से गुलाब जल का छिड़काव किया जाएगा, जिससे पूरे वातावरण को आध्यात्मिक स्वरूप दिया जाएगा। साथ ही, सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं और हजारों श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
समिति के अनुसार यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से विश्व शांति और मानव कल्याण का संदेश देने का प्रयास है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित