जांजगीर-चांपा , जून 17 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत बिरकोनी गांव में एक हृदयविदारक घटना में पिता और उसके दो मासूम बच्चों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर पारिवारिक विवाद के चलते घटना होने की आशंका जताई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार बिरकोनी गांव निवासी रमेश कुमार पटेल (35) तथा उसके दो पुत्र आदर्श पटेल (3) और अभिनव पटेल (लगभग 2 वर्ष) मृत पाए गए। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक रमेश कुमार का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घरेलू कलह के कारण उसकी पत्नी एक दिन पूर्व अपने मायके चली गई थी। इसी बीच बुधवार सुबह यह घटना सामने आई।
पुलिस को आशंका है कि रमेश कुमार ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित