जांजगीर-चांपा , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ में कृषि विभाग ने जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और वितरण में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए विभिन्न निजी कृषि केंद्रों से 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त की तथा एक प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के निर्देशन में उर्वरक निरीक्षकों के दल ने जिले के निजी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चांपा स्थित थोक विक्रेता मेसर्स दिशा सेल्स में रासायनिक उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण में अनियमितताएं पाए जाने पर उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत 1150 बोरी एनपीके 16:20:00:13 (एचयूआरएल), 428 बोरी एसएसपी (दानेदार), 630 बोरी एसएसपी (पाउडर) तथा 98 बोरी जिंकेटेड एसएसपी पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई।
इसके बाद कृषि विभाग की टीम ने बलौदा विकासखंड के ग्राम पिसौद स्थित राजकुमार साहू कृषि केंद्र में छापामार कार्रवाई की। यहां 98 बोरी यूरिया, 94 बोरी जिंकेटेड एसएसपी, 70 बोरी ट्रिपल सुपर फास्फेट तथा 70 बोरी एनपीके 16:20:00:13 (एचयूआरएल) का अवैध भंडारण पाए जाने पर उर्वरक जब्त किए गए और विक्रय प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया गया।
श्री शर्मा ने बताया कि जिले में किसानों को उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी एवं वितरण संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सहकारी और निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित