रायपुर , जून 08 -- छत्तीसगढ़ में सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आज एक पत्र लिखकर वर्ष 2026 के लिए खुली, पारदर्शी और समयबद्ध स्थानांतरण नीति तत्काल लागू करने की मांग की है।
श्री जांगड़े ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत लाखों शासकीय कर्मचारी एवं अधिकारी शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से खुली स्थानांतरण नीति लागू नहीं होने के कारण कर्मचारियों में असंतोष का वातावरण बन रहा है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से कर्मचारी संगठनों, शिक्षक संघों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों द्वारा लगातार ज्ञापन और मांग पत्र प्राप्त हो रहे हैं। इन सभी में पारदर्शी एवं न्यायसंगत स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई है।
श्री जांगड़े ने कहा है कि अनेक कर्मचारी वर्षों से अपने गृह जिले से दूर पदस्थ हैं। कई मामलों में पति-पत्नी अलग-अलग जिलों में सेवाएं दे रहे हैं, जिससे पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा बच्चों की शिक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना भी कर्मचारियों को करना पड़ रहा है।
पत्र में उन्होंने यह भी कहा है कि यदि चालू वर्ष में कर्मचारियों को स्थानांतरण का अवसर नहीं मिला तो आगामी वर्ष चुनावी गतिविधियों के कारण तबादलों की संभावना सीमित हो सकती है। ऐसे में कर्मचारियों को वर्ष 2026 में स्थानांतरण नीति लागू होने की उम्मीद है।
कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खुली, पारदर्शी और समयबद्ध स्थानांतरण नीति तत्काल लागू की जाए। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों को राहत मिलेगी तथा शासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित