मोहाली , मार्च 12 -- पंजाब में ज़ीरकपुर के बलटाना स्थित सैनी विहार फेज-3 की एक गली में गेट लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि गली में रहने वाले कुछ लोगों ने मिलकर एक दंपति और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें चार लोग घायल हो गये। पीड़िता पार्वती पांडे ने बताया कि उनके घर के बाहर गली के प्रवेश द्वार पर कुछ लोग अवैध तरीके से गेट लगा रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया और इस संबंध में नगर परिषद (एमसी) कार्यालय में शिकायत भी दर्ज करवायी थी। जानकारी के अनुसार एमसी की टीम गेट हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी, जिसके बाद से ही गली में तनाव का माहौल बन गया। पार्वती पांडे का आरोप है कि सात से आठ लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में उनके पति के.डी. पांडे और उनके अन्य परिजन घायल हो गये।
घायलों को उपचार के लिए पहले ढकोली अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सेक्टर-32 स्थित अस्पताल, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने रात में ही पुलिस थाने में लिखित शिकायत दे दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए चौकी प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित