जहानाबाद , मई 22 -- बिहार में जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दीपक कुमार हत्याकांड के मुख्य आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ हिरामन उर्फ रावण घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि दो दिन पूर्व भेलावर थाना क्षेत्र के चातर गांव निवासी दीपक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी बिक्कू सिंह को हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव स्थित नहर किनारे ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने छिपाकर रखे हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों ने बताया कि घायल आरोपी को पहले घोसी पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल जहानाबाद रेफर कर दिया गया। अस्पताल में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका इलाज चल रहा है।

इस बीच जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने बताया कि बिक्कू उर्फ रावण एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित