जहानाबाद , अप्रैल 21 -- बिहार में जहानाबाद जिले के टेहटा थाना क्षेत्र स्थित सेरथुआ टोल प्लाजा के समीप हुयी गोलीबारी की घटना में दो लोग घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की देर रात उमाराई बीघा गांव से एक बारात पटना जिले के मसौढ़ी स्थित नौऊबाग गांव जा रही थी।बारातियों का वाहन जैसे ही टोल प्लाजा के पास पहुंचा,टोल टैक्स को लेकर विवाद शुरू हो गया। बारात में शामिल लोगों ने स्थानीय निवासी होने का हवाला देते हुए टोल देने से इंकार कर दिया। वहीं टोल कर्मी नियमानुसार शुल्क वसूलने पर अड़े रहे,जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान हुयी गोलीबारी की घटना में बारात में शामिल उमाराई बीघा निवासी रोहित कुमार और विकास कुमार घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गोलीबारी की घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे विवाद के कारणों का पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित