जहानाबाद , जुलाई 21 -- बिहार के जहानाबाद जिले के बराबर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि परसोन गांव निवासी विजय यादव (60) गेहूं पिसवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान डकरा मोड़ के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया है कि परिवार का अपने ही गोतिया पक्ष के लोगों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद में चार जनवरी 2025 को उनके बड़े भाई लोकनाथ यादव की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था और परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।

परिजनों का आरोप है कि हत्या के मुकदमे में अब तक दो गवाहों की गवाही हो चुकी थी तथा आगामी छह अगस्त को एक अन्य गवाह की पेशी निर्धारित थी मुकदमे को प्रभावित करने और गवाही रुकवाने की मंशा से इस घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित