वाराणसी , सितंबर 17 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर और कर्मभूमि काशी को जोड़ने वाली बाइक यात्रा महज एक स्थान से दूसरे स्थान तक की यात्रा नहीं, बल्कि दो महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ने वाली यात्रा है।
श्री सिंह ने कहा, "एक ओर काशी है, जहां से मोदी जी के सार्वजनिक जीवन को नई ऊर्जा मिली और मां गंगा का आशीर्वाद मिला। दूसरी ओर वडनगर है, जहां उन्हें पूजनीय मां हीराबेन का आशीर्वाद मिला और संस्कारों की नींव प्राप्त हुई। यह मेरा अनुभव है कि जहां लोगों की सोच समाप्त होती है, वहीं मोदी जी का विजन शुरू होता है।"उन्होंने कहा कि इसका उदाहरण वर्ष 2001 में गुजरात में आया विनाशकारी भूकंप है। उस कठिन समय में मुख्यमंत्री के रूप में श्री मोदी ने जिम्मेदारी संभाली। लोगों को लग रहा था कि गुजरात इस मुसीबत से बाहर नहीं निकल पाएगा, लेकिन मोदी ने सभी को गलत साबित करते हुए गुजरात के विकास को "टेस्ट मैच से वनडे" में बदलने का काम किया। उन्होंने गुजरात को विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ाया और आज गुजरात एक मॉडल राज्य के रूप में स्थापित है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि एक अच्छा नेता बेहतर सड़कें, बेहतर बुनियादी ढांचा और पुल बनवाता है, लेकिन महान नेता वह होता है जो लोगों को आत्मनिर्भर बनाता है। प्रधानमंत्री मोदी का यही प्रयास है। मुद्रा योजना के माध्यम से छोटे कारोबारी अपने पैरों पर खड़े हो रहे हैं और स्किल इंडिया ने हुनर को रोजगार से जोड़ने का रास्ता बनाया है। उन्होंने कहा कि कभी कोई सोच भी नहीं सकता था कि देश के हर नागरिक तक बैंकिंग सुविधा पहुंचेगी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने यह संभव कर दिखाया।
उन्होंने कहा, "जिंदगी लंबी ही नहीं, बड़ी भी होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर हम सभी उनकी लंबी आयु की कामना करते हैं। जहां तक जिंदगी के बड़े होने का सवाल है, प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व, नेतृत्व और कर्तृत्व इसे हासिल कर चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित