नयी दिल्ली , अक्टूबर 30 -- उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में शुक्रवार को एक शराबी व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही घर में आग लगा दी। इस घटना के समय उसके माता-पिता घर के अंदर मौजूद थे। आग लगने के कारण वहां एक गैस सिलेंडर भी फट गया, जिसकी चपेट में आकर एक दमकलकर्मी घायल हो गया।
यह घटना उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई। पुलिस नियंत्रण कक्ष को पूर्वाह्न करीब 11:26 बजे इस बारे में सूचना मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही उन्होंने सिलेंडर फटने की आवाज सुनी, अचानक उठे धुएं के गुबार और तेज धमाके से वहां अफरा-तफरी मच गयी। पुलिस के अनुसार, जब दिल्ली दमकल सेवा की टीम आग बुझाने में जुटी थी, तभी एक गैस सिलेंडर फट गया। इस हादसे में 32 वर्षीय दमकलकर्मी अंकित के चेहरे, बालों और दोनों हाथों पर मामूली जलन आयी है। उसे पहले बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, और बाद में बेहतर इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स ) भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति शराब पीने का आदी है और इसकी उम्र 30 साल है। जिस समय उसने कथित तौर पर घर में आग लगायी, उस वक्त उसके माता-पिता घर के अंदर ही मौजूद थे। इस मामले में, पुलिस ने कानून की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित