मुंबई , जुलाई 01 -- मुंबई पुलिस ने मोहर्रम के जुलूस के दौरान अत्यधिक जहरीले जिंक फॉस्फाइड से भरे कैप्सूल बांटने के आरोपी फैयाज प्रेमजी (39) के खिलाफ हत्या के प्रयास और गैर-इरादतन हत्या के प्रयास के आरोप दर्ज किये हैं।

एक अधिकारी ने बुधवार को यहाँ यह जानकारी दी।

फैयाज प्रेमजी वर्तमान में भायखला पुलिस की हिरासत में है। उसे गत 25 जून को रेय रोड इलाके में रहमताबाद कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया गया था। यहां मोहर्रम के जुलूस के लिए हजारों लोग इकट्ठा हुए थे। पुलिस ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ से भरे 14,900 कैप्सूल जब्त किए। इससे पहले, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 123 के तहत अपराध दर्ज किया था, जो किसी अपराध को करने के इरादे से जहर देकर नुकसान पहुंचाने से संबंधित धारा है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम को रहमताबाद कब्रिस्तान के पास हुई थी। इन कैप्सूलों को खाने के बाद पांच लोगों की हालत गंभीर हो गयी। पीड़ितों को पेट में तेज दर्द, जी मिचलाने और उल्टी की शिकायत के बाद डोंगरी के हबीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांचकर्ताओं को पैकेटों से एक सूचना पत्रक मिला है जिसमें दावा किया गया था कि ये कैप्सूल भूलने की बीमारी, कैंसर, भोजन विषाक्तता, मधुमेह, रक्तचाप, फेफड़ों की बीमारी, दिल के दौरे और अस्थमा को ठीक कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित