विदिशा , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से 13 लोगों की मौत के बाद विदिशा जिले में पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर पुलिस टीमों ने देर रात से मंगलवार सुबह तक शमशाबाद, गंजबासौदा और कुरवाई तहसील क्षेत्रों में दबिश देकर कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर कार्रवाई की।

गंजबासौदा के कंजर टपरा क्षेत्र में करीब 75 पुलिस जवान सुबह 5.45 बजे सर्चिंग के लिए पहुंचे। टीम ने दो सक्रिय भट्टियों को नष्ट करते हुए करीब दो हजार लीटर महुआ लहान नष्ट किया, जिसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। मौके से 70 लीटर देशी शराब भी जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी फरार हो गए।

शमशाबाद तहसील के शाहपुरा कॉलोनी स्थित सतपाड़ा हाट क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर बाला उर्फ गब्बर बंजारा (59) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 लीटर हाथभट्टी की शराब जब्त की गई तथा करीब एक क्विंटल महुआ लहान बरामद कर नष्ट किया गया।

कुरवाई तहसील के खिरिया बांझरी क्षेत्र में पुलिस ने गोरलाल बागड़ी (35) को गिरफ्तार कर 25 लीटर यूरिया युक्त कच्ची शराब जब्त की। मौके पर करीब दो लाख रुपये कीमत का महुआ लहान भी नष्ट किया गया।

आबकारी विभाग ने विदिशा के ग्राम वन, पालकी, डायरा बाड़ा, अहमदपुर और गूंदेद में कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलोग्राम महुआ लहान नष्ट किया। इस दौरान 25 बल्क लीटर कच्ची शराब और 56 पाव शराब जब्त कर चार प्रकरण दर्ज किए गए।

पुलिस के अनुसार एक जनवरी से 31 अगस्त तक जिले में अवैध शराब के खिलाफ 418 मामलों में 454 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 4,246 लीटर कच्ची शराब और करीब 92.87 लाख रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है और इस कारोबार में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित