लखनऊ , सितंबर 7 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने दक्षिण दिल्ली के पीजी हॉस्टल की छत ढहने से पांच लोगों की मौत, मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 18 लोगों की मौत और करीब 190 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने तथा उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बाढ़ से हुई जनहानि पर चिंता जताई है।

सुश्री मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि इन घटनाओं से साबित होता है कि शासन-प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित और जनकल्याण के संबंध में सरकारों को चुस्त-दुरुस्त होने की सख्त जरूरत है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि अधिकारियों की घातक लापरवाही, उदासीनता और भ्रष्टाचार पर भी सरकारों को सख्ती से लगाम लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने इन घटनाओं को अत्यंत दुखद और चिंतनीय बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित